Birsa Munda Jayanti 2026: नई दिल्ली: भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया और उनके साहस, संघर्ष तथा बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का अदम्य साहस और बलिदान देश की हर पीढ़ी को स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर समस्त देशवासियों की ओर से उन्हें कोटि-कोटि नमन। उन्होंने सभी देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि धरती आबा का जीवन और उनका संघर्ष देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

जनजातीय समाज के सम्मान और समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेकर उनकी सरकार जनजातीय भाई-बहनों के सम्मान, अवसर और समृद्धि के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। सरकार जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा और उनके विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को सम्मान और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। धरती आबा के विचार और उनका संघर्ष समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान को किया नमन

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से जनजातीय समाज के योगदान को याद करने और उसका सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का बहुमूल्य योगदान रहा है। सभी को मिलकर इस योगदान को नमन करना चाहिए।

गौरतलब है कि हर साल 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। इस दिन देशभर में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, उनके संघर्ष, बलिदान और संस्कृति को याद किया जाता है।