MP Shahdol News: शहडोल: मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी में इन दिनों कोल समाज की संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक वेशभूषा और पूर्वजों के शौर्य की गौरवगाथा के बीच यहां तीन दिवसीय राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में देश के 10 से अधिक राज्यों का कोल समाज एक मंच पर जुटा है। आयोजन में जहां समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है, वहीं भूमिहीनता, बेरोजगारी, पलायन और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर भी आवाज उठाई जा रही है।
10 राज्यों के 300 से अधिक प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा
भाजपा विधायक शरद कोल की पहल पर 13 से 15 दिसंबर तक ब्यौहारी के विनायक पैलेस में राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसमें असम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के 300 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। महोत्सव में कोल समाज के स्मृति चिह्न के साथ स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले परिवार के सदस्य ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान समाज के गौरवशाली इतिहास और पूर्वजों के संघर्ष को याद किया गया।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरके विधायक शरद कोल
महोत्सव में कोल समाज की पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाजों की आकर्षक झलक देखने को मिल रही है। पारंपरिक खान-पान, पहनावे, आभूषण, पूजा पद्धतियों और विवाह संस्कारों को प्रदर्शित कर सामाजिक विरासत को जीवंत किया गया है। वहीं, ढोल-नगाड़ों की थाप सुनकर आयोजन के प्रमुख विधायक शरद कोल भी खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने पारंपरिक कोलदहका नृत्य कर महोत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया।
संस्कृति के साथ अधिकार और राजनीतिक भागीदारी पर भी चर्चा
यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है। यहां मंच से कोल समाज की बुनियादी समस्याओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं। भूमिहीनता, बेरोजगारी, पलायन और राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है। समाज के प्रतिनिधियों का जोर इस बात पर है कि ऐतिहासिक संघर्ष और गौरवशाली विरासत रखने वाले कोल समाज को विकास की मुख्यधारा में उचित स्थान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
16 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे शिरकत
राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव के अगले चरण में 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कोल समाज के प्रतिनिधियों की निगाहें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि इस राष्ट्रीय मंच से उठाई जा रही अधिकारों, विकास और राजनीतिक हिस्सेदारी की मांगों पर सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
