नई दिल्ली: नवंबर का महीना शुरू होते ही उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ने लगा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत करीब 10 राज्यों में मौसम बदलने का अनुमान जताया है। वहीं, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी तापमान में गिरावट होने की संभावना है। आइए जानते हैं कि 13 नवंबर को देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है।

कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय, ओडिशा, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

कश्मीर में बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जिसके चलते तापमान में करीब 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कश्मीर के कई इलाकों में बारिश के साथ भारी बर्फबारी की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हिमस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। बर्फबारी के कारण राजौरी का ऐतिहासिक मुगल रोड बंद कर दिया गया है। लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-NCR में धुंध के साथ बढ़ेगा प्रदूषण

दिल्ली-NCR में 13 नवंबर की सुबह धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। आसमान में हल्के बादल भी रह सकते हैं। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

दिल्ली में सुबह इस सीजन में पहली बार वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 403 दर्ज किया गया। दिन के समय 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिल रही है।

13 नवंबर को राज्य में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।

बिहार में 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है पारा

बिहार में भी ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। शुक्रवार को राज्य के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मुजफ्फरपुर, जहानाबाद, वैशाली, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, पटना और गया समेत कई जिलों में हवाएं चलने से ठंड बढ़ सकती है। राज्य में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

झारखंड के इन जिलों में हो सकती है बारिश

झारखंड में 13 नवंबर को न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, धनबाद, रांची, गढ़वा, गुमला, बोकारो और हजारीबाग समेत कई जिलों में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। बारिश और हवाओं के चलते राज्य में मौसम का मिजाज बदलने का अनुमान है।