MP Chhindwara News: छिंदवाड़ा: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एसडीओ संजू कुमार शर्मा के आवास पर छापेमारी की है। लोकायुक्त भोपाल की विशेष टीम ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के मामले में शहर की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उनके घर पर दबिश दी। सुबह से ही टीम द्वारा सर्चिंग की कार्रवाई जारी है। अचानक हुई इस कार्रवाई से वन विभाग और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
पचमढ़ी में पदस्थ हैं SDO संजू शर्मा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजू कुमार शर्मा वर्तमान में पचमढ़ी में वन विभाग में एसडीओ (उप वनमंडलाधिकारी) के पद पर पदस्थ हैं। लोकायुक्त भोपाल की टीम ने गोपनीय तरीके से छिंदवाड़ा की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उनके निवास पर छापा मारा। टीम घर के भीतर मौजूद संपत्ति के दस्तावेज, बैंक खातों, नकदी और आभूषणों की जांच कर रही है।
एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, छिंदवाड़ा स्थित आवास के अलावा अधिकारी से जुड़े कुछ अन्य ठिकानों पर भी लोकायुक्त की टीमें एक साथ कार्रवाई कर रही हैं। हालांकि, फिलहाल अन्य ठिकानों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
शिकायत के सत्यापन के बाद शुरू हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के सत्यापन के बाद की जा रही है। लोकायुक्त की टीम अधिकारी से जुड़े दस्तावेजों और संपत्ति की जांच में जुटी है।
जांच पूरी होने के बाद होगा संपत्ति का खुलासा
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है। घर और अन्य ठिकानों से मिलने वाले चल-अचल संपत्ति के दस्तावेजों, निवेश और अन्य सामग्रियों का मूल्यांकन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही अधिकारी के पास मिली कुल संपत्ति का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा।
