नई दिल्ली: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ आज शुक्रवार से शुरू हो रहा है। पर्व के पहले दिन व्रती नहाय-खाय के साथ पूजा-अर्चना की शुरुआत करेंगे। इसके बाद शनिवार को खरना का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। रविवार को व्रती डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे, जबकि सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा। छठ पूजा को लेकर देश के कई राज्यों में तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम मोदी ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।”

बिहार से दिल्ली और यूपी तक छठ की तैयारियां तेज

छठ महापर्व को लेकर बिहार सहित देश के कई राज्यों में तैयारियां तेज हो गई हैं। घाटों की साफ-सफाई और सजावट का काम किया जा रहा है। बिहार के अलावा दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी नदियों के किनारे छठ घाट तैयार किए गए हैं। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में भी छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।

हालांकि, महाराष्ट्र में छठ पूजा को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया है। मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाने और जुहू बीच पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर विपक्षी दलों ने विरोध जताया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने इसका विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

वहीं, रेलवे प्रशासन का कहना है कि रेलवे बोर्ड के निर्देश पर छठ पूजा के अवसर पर उत्तर भारतीय यात्रियों की सुविधा के लिए लाउडस्पीकर से घोषणाएं की जा रही हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाले यात्रियों को जानकारी देने के लिए बीच-बीच में छठ गीत भी बजाए जा रहे हैं।

रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी यात्रियों की भीड़

छठ महापर्व मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। इसके चलते देश के कई रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं, ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।

वहीं, छठ घाटों पर साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट का काम भी तेजी से किया जा रहा है। बाजारों में छठ पूजा से जुड़ी सामग्री की खरीदारी के लिए भी रौनक बढ़ गई है।

चार दिनों तक ऐसे चलेगा छठ महापर्व

  • शुक्रवार: नहाय-खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत।
  • शनिवार: खरना और प्रसाद ग्रहण।
  • रविवार: डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य।
  • सोमवार: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन।