MP Bhopal News: भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। शहर के वैशाली नगर में नल से सप्लाई होने वाले पानी की सरकारी लैब में जांच के दौरान खतरनाक ई-कोलाई (E. coli) बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है। यह वही बैक्टीरिया है, जिसे इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में भी जिम्मेदार बताया गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद इलाके के करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया है। अब रहवासी बाजार से बोतलबंद पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं।
रहवासी ने खुद कराई पानी की जांच, रिपोर्ट में हुआ खुलासा
वैशाली नगर में लंबे समय से गंदे पानी की सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। इससे परेशान स्थानीय रहवासी विवेक राय ने अपने स्तर पर पानी की जांच कराने का निर्णय लिया। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) की स्टेट रिसर्च लैब में पानी का सैंपल जांच के लिए दिया। लैब की रिपोर्ट में ई-कोलाई बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई।
28 अक्टूबर को आई पहली जांच रिपोर्ट में 100 मिलीलीटर पानी में ई-कोलाई की मात्रा 660 MPN पाई गई। इसके अलावा पानी का गंदलापन भी 5.9 NTU दर्ज किया गया, जबकि इसकी निर्धारित अधिकतम सीमा 5 NTU है।
इसके बाद 12 नवंबर को दोबारा पानी का सैंपल दिया गया। 13 नवंबर को आई दूसरी रिपोर्ट में भी 100 मिलीलीटर पानी में ई-कोलाई की मात्रा 350 MPN मिली। जबकि पीने के पानी में ई-कोलाई की स्वीकार्य मात्रा शून्य होनी चाहिए। लगातार दो जांच रिपोर्ट में बैक्टीरिया मिलने से रहवासियों की चिंता बढ़ गई है।
नगर निगम के पानी जांच के दावों पर उठे सवाल
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब नगर निगम पूरे शहर में प्रतिदिन 100 से अधिक पानी के सैंपल लेने का दावा करता है। रिटायर्ड डिप्टी एनसीआरबी एमके त्रिपाठी ने सरकारी लैब की रिपोर्ट को बेहद गंभीर बताया है।
उनके अनुसार, 28 अक्टूबर की जांच रिपोर्ट के आधार पर रहवासियों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 2 और 3 नवंबर को निगम की टीम ने आसपास के तीन घरों से पानी के सैंपल लिए थे। निगम की ओर से इन सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव होने की बात कही गई थी, लेकिन इसके दो दिन बाद ही नलों से दोबारा वैसा ही गंदा पानी आने लगा।
शिकायत के बाद टीम ने की सैंपलिंग : सभापति
मामले को लेकर नगर निगम सभापति किशन सूर्यवंशी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मौके पर टीम भेजी गई है और पानी की सैंपलिंग भी कराई गई है। उन्होंने कहा कि अन्य जगहों पर इस तरह का बैक्टीरिया नहीं मिला है। हालांकि मामले में एहतियात बरती जाएगी।
पेयजल पाइपलाइन में सीवेज का पानी मिलने की आशंका
रहवासियों के अनुसार, इलाके में पेयजल पाइपलाइन के पास से ही सीवेज लाइन गुजरती है। पीछे स्थित वायु नगर के सीवेज चेंबर ओवरफ्लो होने पर लीकेज के माध्यम से गंदा पानी पेयजल पाइपलाइन में मिलने की आशंका है। इसी वजह से नलों से दूषित पानी आने की समस्या हो सकती है। हालांकि इसकी वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कोलार नेटवर्क से 7 लाख लोगों तक पहुंचता है पानी
इस मामले ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि वैशाली नगर में जिस कोलार नेटवर्क से पानी की सप्लाई होती है, उससे शहर के 9 जोन के करीब 7 लाख लोगों को पानी मिलता है। इस नेटवर्क के माध्यम से 1.35 लाख कनेक्शनों पर रोजाना लगभग 34 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जाती है। ऐसे में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर व्यापक स्तर पर जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं दूषित पानी के मामले
गौरतलब है कि भोपाल में इससे पहले भी पेयजल में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। खासकर गैस फैक्ट्री के आसपास और ईदगाह क्षेत्र के नियामतपुर में गंदे पानी की समस्या बनी रही है। वर्ष 2022 में भी क्लोरिनेशन के बावजूद पानी में बैक्टीरिया मिलने के बाद नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे।
अब वैशाली नगर की सरकारी लैब रिपोर्ट सामने आने के बाद एक बार फिर शहर की पेयजल व्यवस्था और पानी की नियमित जांच को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। रहवासियों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रभावित इलाके की पाइपलाइनों और सप्लाई व्यवस्था की जांच जरूरी हो गई है।
