भोपाल: मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र और मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार है, ऐसे में कांग्रेस विकास कार्यों के लिए पैसा कहां से लाएगी। उन्होंने सुसनेर से कांग्रेस विधायक पर भी तंज कसा और मंच से ‘घंटी’ का जिक्र करते हुए व्यंग्य किया।
बोले- कांग्रेस वाले पैसा कहां से लाएंगे
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “केंद्र में मोदीजी की सरकार है। मध्य प्रदेश में मोहन यादवजी की सरकार है। ये कांग्रेस वाले पैसा कहां से लाएंगे। भाई, ये कांग्रेस वाले क्या धंधा करते हैं? मुझसे ज्यादा आप जानते हैं।” उन्होंने अपने संबोधन के दौरान सुसनेर से कांग्रेस विधायक को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि विधायक उनके पास विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव लेकर आते हैं।
कांग्रेस विधायक को लेकर सुनाया ‘घंटी’ वाला किस्सा
विजयवर्गीय ने कहा कि सुसनेर के कांग्रेस विधायक उनके पास आते हैं और क्षेत्र से जुड़े काम बताते हैं। उन्होंने कहा कि वह विधायक की बात सुनते हैं और उन्हें ‘कड़क मीठी चाय’ पिलाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यदि बीजेपी का प्रत्याशी प्रदीप जीतकर आता है और विकास कार्यों से जुड़े कागज लेकर आता है तो वे उन कागजों को तुरंत मंजूर कर देंगे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी के जीतकर आने पर उन्होंने ‘घंटी’ मिलने की बात कहते हुए व्यंग्य किया।
बोले- विकास करना है या घंटी बजवाना है, तय जनता करेगी
कैलाश विजयवर्गीय ने अपने बयान के अंत में कहा कि कांग्रेस विधायक यदि जीतकर आते हैं तो उनके अनुसार स्थिति अलग होगी। उन्होंने मंच से लोगों से कहा कि अब उन्हें तय करना है कि क्षेत्र में विकास करना है या ‘घंटी बजवाना’ है। विजयवर्गीय का यह बयान सुसनेर की स्थानीय राजनीति और कांग्रेस विधायक को लेकर उनके राजनीतिक तंज के रूप में सामने आया है।
