भोपाल: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में सोमवार को भोपाल में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय का घेराव करने निकले। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार की।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और कांग्रेस के झंडे लहराने लगे। इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर मौके से हटाया। झड़प के दौरान उप नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे समेत कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घायल नेताओं को संभाला, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनकर पहुंचे कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध भी किया। एक कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनकर पहुंचा, जिसे जंजीरों में बांधकर प्रदर्शन किया गया। जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में शामिल नजर आए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे लगाए।
PCC कार्यालय से शुरू हुआ प्रदर्शन
CEO कार्यालय के घेराव से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने सभा आयोजित की गई। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़े।
पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। बैरिकेड पार करने की कोशिश के दौरान स्थिति बिगड़ गई और पुलिस तथा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया।
SIR को लेकर कांग्रेस का विरोध
कांग्रेस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का लगातार विरोध कर रही है। पार्टी का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के बाद बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। कांग्रेस ने हटाए गए नामों का विधानसभा, जिला और कारणवार विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है। वहीं, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर मौके से हटाया।
