Suresh Raina in Ujjain Mahakal: उज्जैन: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना रविवार सुबह उज्जैन पहुंचे। उन्होंने पत्नी प्रियंका रैना और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ ब्रदर-इन-लॉ विवेक और उनकी पत्नी स्नेहा भी मौजूद रहीं। परिवार ने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
भस्म आरती के बाद बोले- बहुत अच्छा लगा
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद सुरेश रैना ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा, “जय श्री महाकाल। बहुत अच्छा लगा। हमने आज दर्शन किए।” उन्होंने मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। सुरेश रैना ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था संभालने वाले सभी लोगों ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दर्शन के लिए पहुंचे थे और सभी ने इस आध्यात्मिक अनुभव का आनंद लिया।
पुजारियों की भी की तारीफ
सुरेश रैना ने भस्म आरती के दौरान पूजा कराने वाले पुजारियों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पुजारियों ने ऐसा आध्यात्मिक माहौल बनाया कि वहां मौजूद श्रद्धालु भक्ति में डूब गए। उन्होंने कहा कि वे, उनकी पत्नी प्रियंका, ब्रदर-इन-लॉ विवेक और उनकी पत्नी स्नेहा ने एक साथ दर्शन किए। रैना ने मंदिर प्रबंधन और पुजारियों का आभार जताते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की।
प्रियंका रैना ने पहली बार किए ज्योतिर्लिंग के दर्शन
वहीं, सुरेश रैना की पत्नी प्रियंका रैना ने महाकाल दर्शन को अपने लिए बेहद खास और दिव्य अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला ज्योतिर्लिंग दर्शन था और उज्जैन आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। प्रियंका रैना ने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की और मंदिर प्रबंधन की टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने महाकाल दर्शन के अनुभव को बेहद दिव्य बताया।
