शहडोल: सरकारी स्कूलों में बच्चों को पोषण देने के लिए परोसा जाने वाला मध्यान्ह भोजन ही अगर उनकी सेहत पर भारी पड़ने लगे तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी विकासखंड से ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां सरकारी प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में मध्यान्ह भोजन खाने के बाद 15 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें सिविल अस्पताल ब्यौहारी में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है।

दाल-चावल खाने के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में स्व सहायता समूह की ओर से बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन के तहत दाल-चावल तैयार किया गया था। भोजन करने के कुछ समय बाद 15 से अधिक बच्चों को पेट दर्द और उल्टियों की शिकायत होने लगी। बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद सभी प्रभावित बच्चों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ब्यौहारी पहुंचाया गया।

भोजन का नमूना जांच के लिए भेजा गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चों को परोसे गए मध्यान्ह भोजन का नमूना जांच के लिए खाद्य विभाग को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने के कारणों का पता चल सकेगा।

कलेक्टर ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

घटना को लेकर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सीईओ जनपद पंचायत ब्यौहारी और बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही संबंधित स्व सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन के कार्य से पृथक कर दिया गया है।

पूरे मामले की जांच के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है और भोजन के नमूने की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मध्यान्ह भोजन में ऐसी क्या गड़बड़ी थी, जिसके बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी।