धार: जनजातीय बहुल धार और आलीराजपुर जिले के किसानों के लिए 15 नवंबर का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। अब दोनों जिलों के 126 गांवों के खेतों तक नर्मदा का पानी पहुंच सकेगा। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने धार जिले के डही में 1353 करोड़ रुपये की डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना से धार जिले के 84 और आलीराजपुर के 42 गांवों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली शामिल हुए।

58 किलोमीटर दूर तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परियोजना को क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पानी की कमी से न केवल खेती प्रभावित होती है, बल्कि ग्रामीण परिवारों को रोजगार की तलाश में पलायन भी करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी यहां से करीब 7 किलोमीटर दूर है, लेकिन इस परियोजना के माध्यम से 58 किलोमीटर दूर तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा। इससे किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।

मालवा-निमाड़ में सिंचाई सुविधाओं का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवा और निमाड़ के क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में सरदारपुर में करीब 4000 करोड़ रुपये की पाइपलाइन परियोजना के लोकार्पण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने से खेती की संभावनाएं बढ़ेंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

पीएम मित्रा पार्क से 6 लाख कपास किसानों को लाभ

मुख्यमंत्री ने धार में पीएम मित्रा पार्क की स्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे निमाड़ और मालवा के करीब 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस पार्क के माध्यम से धार में 3 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

जनजातीय समाज की विरासत और विकास पर दिया जोर

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के विकास के साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान को भी आगे बढ़ा रही है। इस दौरान उन्होंने टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय की स्थापना और भगोरिया पर्व को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयासों का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि धार, झाबुआ और आलीराजपुर को विशेष महत्व मिला है।

पीएम मोदी बोले- देशभर में 30 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय नायकों को नमन किया। उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देशभर में करीब 30 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है।