बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बेंगलुरु मेट्रो में सफर के दौरान का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि मेट्रो में यात्रा के दौरान उनके पास टिकट खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी ने अपना स्मार्ट कार्ड स्वाइप कर उनके लिए भी टिकट खरीदा। शिवकुमार ने पत्रकारों से बातचीत में यह बात बताई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें दोनों नेता टिकट काउंटर पर हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत और हंसी-मजाक करते नजर आए थे।
मेट्रो में साथ सफर करते दिखे पीएम मोदी और CM शिवकुमार
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 13 नवंबर को बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया था। इस मौके पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और राज्यपाल सुधा यादव भी मौजूद थीं। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने तावरेकेरे स्टेशन से आईआईएम बेंगलुरु स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, राज्यपाल सुधा यादव, बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या और मंत्री के.बी. गौड़ा भी मौजूद थे।
पीएम मोदी ने अपने स्मार्ट कार्ड से खरीदा टिकट
मेट्रो में एंट्री के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपने स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल किया। इसी दौरान टिकट काउंटर पर पीएम मोदी और मुख्यमंत्री शिवकुमार के बीच हल्की-फुल्की बातचीत हुई। शिवकुमार के मुताबिक, उनके पास टिकट खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपना टिकट भी लेने को कहा, जिसके बाद मोदी ने अपने स्मार्ट कार्ड से उनके लिए टिकट खरीदा।
शिवकुमार ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘मेरे पास कैश नहीं थे, मैंने मोदी से कहा। उन्होंने अपना कार्ड मुझे दे दिया। यही वो कार्ड है, इसी से मैंने स्वाइप किया। मेरे पास पैसे नहीं थे, इसलिए मैंने उनसे मेरा टिकट भी लेने को कहा। देखिए, वही बाहर आया। उन्होंने खुद अपने ही कार्ड से स्वाइप किया।’
झंडा दिखाने के दौरान भी दिखी दोनों नेताओं की केमिस्ट्री
मेट्रो की पिंक लाइन को हरी झंडी दिखाने के दौरान भी दोनों नेताओं के बीच अच्छी केमिस्ट्री देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री शिवकुमार का हाथ पकड़ा और दोनों ने मिलकर झंडा लहराकर मेट्रो सेवा की शुरुआत की। इस दौरान दोनों नेता मुस्कुराते हुए बातचीत करते नजर आए। एक अन्य तस्वीर में मुख्यमंत्री शिवकुमार प्रधानमंत्री मोदी के गमछे को हाथ में लेकर उनसे बातचीत करते दिखाई दिए।
3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई पिंक लाइन
बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन कलेना अग्रहारा को तावरेकेरे से जोड़ती है। इसे करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने तावरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु तक हाल ही में शुरू हुए 7.5 किलोमीटर लंबे हिस्से पर सफर किया। इस कॉरिडोर के शुरू होने से बेंगलुरु मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ है और शहर के लोगों को आवागमन का एक और विकल्प मिला है।
