नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून और पश्चिमी विक्षोभ का असर एक बार फिर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज यानी 8 सितंबर को उत्तर भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत तक कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 8 से 13 सितंबर तक बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इस दौरान बारिश का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 से 13 सितंबर के बीच बारिश होने का अनुमान है।उत्तराखंड में 8 और 9 सितंबर को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 8 से 13 सितंबर तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर

मध्य भारत में भी मानसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी मध्य प्रदेश में 8 से 11 सितंबर तक बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 8 सितंबर को बारिश की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की स्थिति बन सकती है।

बिहार और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में आज भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। ओडिशा में 8-9 सितंबर और फिर 10-12 सितंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड में 12-13 सितंबर तथा गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 11-13 सितंबर के दौरान भारी बारिश की चेतावनी है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश का जोर देखने को मिलेगा। अरुणाचल प्रदेश में 8 से 13 सितंबर तक बारिश की संभावना है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 13 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 8 सितंबर तथा 12-13 सितंबर को बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

तमिलनाडु में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा

दक्षिण भारत में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 सितंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए बारिश और आंधी के दौरान लोगों को खुले क्षेत्रों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी जाती है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रा से पहले स्थानीय मौसम की स्थिति की जानकारी लेना भी जरूरी है।