Rahul Gandhi Visit Balaghat: बालाघाट: आदिवासी बच्चों की मौत के मामले के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बालाघाट पहुंच सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे का अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है।
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे में बालाघाट के प्रभावित आदिवासी परिवारों से मुलाकात प्रमुख रूप से शामिल हो सकती है। इसके अलावा वे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था, बच्चों की मौत के कारणों और आदिवासी इलाकों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी ले सकते हैं बालाघाट के बैहर-बिरसा क्षेत्र में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत का मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा लगातार राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चा में बना हुआ है।
बीमारी और कुपोषण को लेकर उठ रहे सवाल
बच्चों की मौत के मामले में बीमारी, कुपोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे सामने आए हैं। विभिन्न रिपोर्टों में मलेरिया, खसरा और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, मौतों के कारणों को लेकर अलग-अलग चिकित्सा आकलन सामने आए हैं और मामला जांच के दायरे में है। बच्चों की मौत से जुड़े मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने भी राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
राहुल गांधी पहले भी उठा चुके हैं मामला
राहुल गांधी इससे पहले भी बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा सार्वजनिक रूप से उठा चुके हैं। उन्होंने 17 सितंबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बीमारी, कुपोषण, साफ पानी और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए थे। ऐसे में उनका संभावित बालाघाट दौरा प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद और जमीनी स्थिति की जानकारी लेने के तौर पर देखा जा रहा है।
अभिजीत दीपके भी पहुंचे थे प्रभावित गांवों में
राहुल गांधी के संभावित दौरे से पहले अभिजीत दीपके बालाघाट के प्रभावित आदिवासी गांवों का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने अडोरी, कोरका और बोंडारी समेत कुछ गांवों में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और स्वास्थ्य सुविधाओं तथा बच्चों की मौत से जुड़े हालात की जानकारी ली थी।
1 अक्टूबर के दौरे पर अंतिम पुष्टि का इंतजार
राहुल गांधी के बालाघाट आने की स्थिति में आदिवासी स्वास्थ्य, कुपोषण और बच्चों की मौत का मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और प्रमुखता से उठ सकता है। कांग्रेस इस मामले को लेकर पहले से सरकार से जवाब मांग रही है। फिलहाल 1 अक्टूबर को राहुल गांधी के बालाघाट दौरे की चर्चा है, लेकिन उनके कार्यक्रम की अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
