PM Modi Bhajan Clubbing: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम भारतीय जनसंघ के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी दर्शकों के बीच बैठे और कलाकारों के साथ भक्ति संगीत का आनंद लेते नजर आए। उन्होंने तालियां बजाईं और एक छोटे ताल वाद्य यंत्र को भी बजाया।
युवाओं के बीच बैठे पीएम मोदी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। मंच पर भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां चल रही थीं और दर्शक तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ा रहे थे। पीएम मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया। कार्यक्रम से जुड़े वीडियो में उन्हें दर्शकों के बीच बैठकर भक्ति संगीत में भाग लेते देखा गया।
क्या है ‘भजन क्लबिंग’?
‘भजन क्लबिंग’ भक्ति संगीत का ऐसा आधुनिक प्रारूप है, जिसमें पारंपरिक भजन और कीर्तन को कॉन्सर्ट जैसे माहौल में प्रस्तुत किया जाता है। इसमें लाइव म्यूजिक, आधुनिक साउंड सिस्टम, लाइटिंग और सामूहिक गायन का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस प्रारूप में खासकर युवा दर्शक भक्ति संगीत सुनने और उसमें शामिल होने के लिए एक साथ आते हैं।
‘मन की बात’ में भी किया था भजन क्लबिंग का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने जनवरी 2026 में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान भजन क्लबिंग के बढ़ते चलन का उल्लेख किया था। उन्होंने इसे भक्ति, संस्कृति, आध्यात्मिकता और आधुनिकता के मेल के रूप में बताया था और कहा था कि इस तरह के आयोजनों में युवाओं की रुचि दिखाई दे रही है।
दीनदयाल उपाध्याय को दी श्रद्धांजलि
भजन क्लबिंग कार्यक्रम से पहले पीएम मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ दर्शन का उल्लेख करते हुए इसे समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और जनसेवा से जोड़ा।
