बेंगलुरु: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य को 15,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन, नवीकरणीय ऊर्जा, एलपीजी भंडारण केंद्र, रेलवे और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ ही कुछ नई सुविधाओं को हरी झंडी भी दिखाएंगे।

पीएम मोदी के कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:45 बजे बेंगलुरु के प्रशांति कुटीरम पहुंचेंगे। यहां वे स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के आवासीय मुख्यालय परिसर के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे स्वर्ण जयंती प्रशासनिक खंड का शिलान्यास करेंगे। साथ ही एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी समारोह में भी हिस्सा लेंगे।

इसके बाद दोपहर 12:45 बजे प्रधानमंत्री 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार तवरेकेरे से आईआईएम-बेंगलुरु तक की पिंक मेट्रो लाइन के 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान वे मेट्रो में सफर भी करेंगे।

दोपहर 1:15 बजे प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इस मौके पर वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री मैसूरु के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:30 बजे वे भारत वन में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं, शाम 4 बजे कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। यह भारत का पहला एलईडी डोम तारामंडल है।

वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे इस रेल मार्ग पर यात्रियों को तेज और आधुनिक रेल सेवा की सुविधा मिलेगी।

मंगलुरु में देश के सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र का उद्घाटन

पीएम मोदी मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये की लागत से बने भारत के सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसकी भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। इस परियोजना में न्यू मैंगलोर पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है।

चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी होगा उद्घाटन

प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। इनमें चामराजनगर, चिक्कमंगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इस तरह प्रधानमंत्री के कर्नाटक दौरे के दौरान मेट्रो, रेलवे, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाएं राज्य को समर्पित की जाएंगी।