MP Damoh News: दमोह। त्योहारी सीजन को देखते हुए दमोह जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग की टीम शहर में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दमोह शहर के पलंदी चौराहा स्थित असाटी मसाला गृह उद्योग का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी माधवी बुधौलिया और वेद प्रकाश चौबे की मौजूदगी में टीम ने मसाला गृह उद्योग में तैयार और बिक्री के लिए रखी जा रही खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। इस दौरान मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर समेत अन्य मसालों के नमूने लिए गए। विभाग की टीम ने लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है।
नर्मदाधारा का भी किया निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इसके बाद नर्मदाधारा का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसकी स्थिति की जांच की गई। टीम ने मौके से खाद्य सामग्री के नमूने लिए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग द्वारा दोनों स्थानों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी माधवी बुधौलिया ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों और खाद्य सामग्री की लगातार जांच की जा रही है। गुरुवार को असाटी मसाला गृह उद्योग और नर्मदाधारा का निरीक्षण कर अलग-अलग खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य सामग्री में निर्धारित मानकों के विपरीत गुणवत्ता या मिलावट पाई जाती है, तो नियमानुसार संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में बढ़ाई गई निगरानी
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावटी और अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री की आशंका भी रहती है। इसे देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। आने वाले दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।



