MP Mandsaur News: मंदसौर: मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मंदसौर जिले में दलोदा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम स्मैक और 1.5 किलो डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 4.03 लाख रुपये बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग की बाइक क्रमांक MP14 MT 2956 से स्मैक और डोडाचूरा लेकर भावगढ़-दलोदा रोड पर ग्राम एलची के कच्चे रास्ते से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।

कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध व्यक्ति बाइक से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

आरोपी के कब्जे से स्मैक और डोडाचूरा बरामद

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आरिफ पिता इशाक अजमेरी (35) बताया। वह ग्राम बादाखेड़ी, थाना नई आबादी, मंदसौर का निवासी है। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 40 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 1.5 किलो डोडाचूरा भी मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 हजार रुपये है।

बाइक और मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने मादक पदार्थों के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी से नशीले पदार्थों के स्रोत और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।