नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा कर रहे प्रतिभागियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सेवा को जीवन का मुख्य उद्देश्य बताते हुए कहा कि राजनीति में भी सेवा ही मार्गदर्शक सिद्धांत होना चाहिए। पीएम मोदी ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

‘सेवा करके ही सेवा का संदेश देना है’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सेवा ही हमारा मुख्य कार्य होना चाहिए। सेवा करते हुए ही सेवा का संदेश देना है, किसी को उपदेश देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारा आचरण ऐसा होना चाहिए कि लोगों को यह दिखाई दे कि राजनीति में सत्ता कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाए, लेकिन हमारा मार्ग सेवा का ही रहेगा। उन्होंने कहा कि व्यक्ति कितने भी ऊंचे पद या शिखर पर पहुंच जाए, उसे ‘सेवा परमो धर्म:’ के भाव को लेकर आगे बढ़ना चाहिए और सेवा के मार्ग से विचलित नहीं होना चाहिए।

‘वडनगर जन्मभूमि, काशी मेरी कर्मभूमि’

पीएम मोदी ने वडनगर और वाराणसी के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों शहर हजारों वर्षों से जीवंत हैं। उन्होंने कहा कि वडनगर उनकी जन्मभूमि है, जबकि वाराणसी उनकी कर्मभूमि है। प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद है, वहीं वडनगर हाटकेश्वर महादेव के आशीष की भूमि है। उन्होंने सेवा यात्रियों के अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी बातें सुनकर ऐसा लग रहा है जैसे वह स्वयं भी उनके साथ यात्रा कर रहे हों।

सेवा भाव से जनकल्याण की योजनाओं का विस्तार

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब सेवा भाव से काम किया जाता है तो समाज के जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचता है। उन्होंने मुफ्त अनाज और आयुष्मान योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवाभाव से ही ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।सेवा यात्रा के प्रतिभागियों ने भी यात्रा के दौरान किए गए पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और स्थानीय लोगों से संवाद के अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए।

2047 तक विकसित भारत में युवाओं की बड़ी भूमिका

युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजनीति और चुनाव अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्र निर्माण का संकल्प सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाशक्ति की भूमिका को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी विकसित भारत की निर्माता भी है और भविष्य में इसकी बड़ी लाभार्थी भी होगी। इसके लिए युवाओं को देश को करीब से जानना, अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों के लोगों से मिलना तथा उनकी आकांक्षाओं और समस्याओं को समझना जरूरी है।

7 अक्टूबर तक जारी रहेगी सेवा यात्रा

सेवा यात्रा 17 सितंबर से शुरू हुई है और इसके तहत वडनगर तथा वाराणसी के बीच युवा प्रतिभागी मोटरसाइकिल यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न शहरों, जिलों, कस्बों और गांवों में सेवा गतिविधियों तथा जनसंवाद के कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह यात्रा 7 अक्टूबर तक जारी रहेगी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू की गई इस यात्रा में युवाओं की भागीदारी, सामाजिक सेवा, जनसंवाद और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों पर जोर दिया जा रहा है।