Rahul Gandhi Press Conference: नई दिल्ली में विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच SIR प्रक्रिया को लेकर विवाद के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चुनावों में धांधली हुई है और कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी मतदाताओं के वोट की सुरक्षा करना है।
SIR प्रक्रिया और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग के भीतर SIR से जुड़े फैसलों को लेकर दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों की रिपोर्ट सामने आई है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार विभिन्न फैसलों पर आपत्ति दर्ज की थी।
बीजेपी पर एंटी-इंकम्बेंसी का असर क्यों नहीं: राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि भारत की राजनीति में सत्ता-विरोधी लहर एक सामान्य राजनीतिक प्रवृत्ति रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के मामले में उन्हें ऐसी स्थिति क्यों नहीं दिखाई देती। राहुल गांधी ने कहा कि इसी सवाल को लेकर उनके मन में लंबे समय से पहेली थी और हालिया घटनाक्रम के बाद उन्हें इसके जवाब मिलने का दावा है।
चुनाव आयोग ने दिया अपना पक्ष
वहीं, चुनाव आयोग ने रिपोर्ट में उठाए गए सवालों पर कहा है कि अलग-अलग विचार और टिप्पणियां संस्थागत निर्णय प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा हैं। आयोग के अनुसार, पिछले एक साल में उसके सभी फैसले पूर्ण आयोग की सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
