देवास: शासकीय कार्यों में लापरवाही और काम करने से इंकार करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने शासकीय कार्य नहीं करने वाले 93 प्रोबेशनर पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं।

काम पर नहीं लौटे तो होगी कड़ी कार्रवाई

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में काम शुरू नहीं करने वाले प्रोबेशनर पटवारियों के खिलाफ सेवा से हटाने, निलंबन और विभागीय जांच सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों को अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अतिक्रमण हटाने में लापरवाही पर तहसीलदारों को हिदायत

शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के मामलों में लापरवाही बरतने वाले तहसीलदारों को भी कलेक्टर ने सख्त हिदायत दी है। उन्होंने अधिकारियों को शासकीय भूमि से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने और लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मध्याह्न भोजन में लापरवाही पर शिक्षक के निलंबन के निर्देश

प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान बिच्छाखेड़ी स्कूल में मध्याह्न भोजन व्यवस्था में लापरवाही का मामला भी सामने आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिम्मेदार शिक्षक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा मेरा योगदान’ महाअभियान

जिले में जनसेवा और विकास कार्यों को गति देने के लिए 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ विशेष महाअभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने के साथ आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।