भोपाल: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर भोपाल आएंगे। अपने दौरे के दौरान वे प्रदेशवासियों को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर कार्यक्रम की जानकारी दी है।

अमित शाह भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे नए कानून भारतीय न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।

IISER अत्रि परिसर का करेंगे शिलान्यास

केंद्रीय गृह मंत्री भोपाल बायपास स्थित भौरी के पास IISER के अत्रि परिसर का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही परिसर में नवस्थापित स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी अमित शाह द्वारा किया जाएगा।

डेयरी क्षेत्र को मिलेगी बड़ी सौगात

अमित शाह के दौरे के दौरान प्रदेश में दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण इकाइयों और गुणवत्ता जांच प्रयोगशालाओं से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया जाएगा। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का शिलान्यास प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट मिल्क प्लांट की सौगात भी दी जाएगी।

भोपाल पश्चिमी बायपास का भी होगा भूमि-पूजन

अमित शाह के प्रस्तावित दौरे के दौरान भोपाल के बहुप्रतीक्षित पश्चिमी बायपास का भूमि-पूजन भी किया जाएगा। इस परियोजना को राजधानी के इंफ्रास्ट्रक्चर और यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित शाह के दौरे को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।