भोपाल: भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के 45 बंगला स्थित सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने सरकारी आवास का ताला तोड़कर अंदर से एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां चोरी कर लीं। आवास जुलाई महीने से खाली बताया जा रहा है। विधायक के भतीजे राजेश लोधी की शिकायत पर टीटी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलाई में बंगले पर लगाया था ताला
पुलिस के मुताबिक राजेश लोधी 23 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे अपने ताऊ और विधायक प्रीतम लोधी के साथ सरकारी आवास पर पहुंचे थे। बंगले पर ताला लगाने के बाद दोनों शिवपुरी चले गए थे।
इसके बाद 30 सितंबर की रात करीब 11 बजे जब वे वापस लौटे तो बंगले के पीछे की तरफ लगा ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर सामान की जांच की गई तो एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां गायब मिलीं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया कि शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। शासकीय आवास जुलाई से खाली पड़ा था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
