Mathura Accident News: मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना जैंत क्षेत्र में राम धर्म कांटा के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं, पांच लोग घायल हुए हैं। सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के भिंड जिले से वृंदावन दर्शन करने आए थे।
ट्रक में पीछे से घुसी कार, चार की मौत
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। कार (MP30 ZJ 2690) में सवार लोग बरसाना से रमणरेती घूमने जा रहे थे। इसी दौरान कार ग्वालियर से डस्ट लेकर आ रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
दो बच्चों और दो महिलाओं ने गंवाई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रुद्र (4), कान्हा (10), रूबी (32) और ज्योति (30) के रूप में हुई है। चारों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान या अस्पताल पहुंचने पर हुई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पांच लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल हुए हैं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज जारी है।
भिंड से परिवार और रिश्तेदारों के साथ आए थे श्रद्धालु
पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले देवाशीष अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मथुरा घूमने आए थे। कार में उनकी पत्नी और बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। सोमवार सुबह सभी बरसाना से रमणरेती जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर यह हादसा हो गया।
