Accident

MP Anuppur Accident News: अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो का मालिक शामिल हैं। मृतकों में एक भारतीय सेना का जवान भी था, जो दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे छूलहा गांव के पास हुआ। बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो सगे भाइयों और बोलेरो मालिक की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। दीनबंधु और विनीत सगे भाई थे, जबकि मोहम्मद करीम बोलेरो का मालिक था और धनगवां का निवासी था।

दोस्त की शादी में शामिल होने आ रहा था आर्मी जवान

मृतक विनीत विश्वकर्मा भारतीय सेना में जवान था। वह अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। शादी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होनी थी। विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा रात करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचा था। इसके बाद वह अपने बड़े भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान छूलहा गांव के पास हादसा हो गया।

बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था बोलेरो मालिक

तीसरे मृतक मोहम्मद करीम के पिता शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए हैं। उनका परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। करीम की जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान थी। परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। करीम की शादी नहीं हुई थी।

गंभीर घायल को शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल राजू तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है। तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। अनूपपुर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू के मुताबिक, सड़क किनारे खड़े ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज करेगी।