नई दिल्ली। MLC चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस पर तंज कसा है। अमित शाह ने लिखा, “28 में से कितनी सीटें जीतीं… 0।” इसके साथ ही उन्होंने लिखा, “Ballot Box इस्तीफा दो।”
28 MLC सीटों को लेकर कांग्रेस पर निशाना
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनाव और कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर निशाना साधा है। इन चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया गया था। कांग्रेस को इन चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में हुई 28 MLC सीटों के चुनाव का जिक्र किया था। पीएम मोदी ने लोगों से सवाल किया था कि बैलेट पेपर से हुए इन चुनावों में कांग्रेस को कितनी सीटें मिलीं।
कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका
MLC चुनाव में कांग्रेस को सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। कर्नाटक में पार्टी चारों सीटें हार गई। कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव परिणामों में NDA ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की। चुनाव में तीन मौजूदा MLC मैदान में थे और बीजेपी के दोनों सिटिंग MLC अपनी सीट बचाने में सफल रहे। वहीं, विधान परिषद में कांग्रेस के उपनेता और पांच बार के MLC पुट्टना की हार पार्टी के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
23 अक्टूबर को हुआ था मतदान
चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर चुनाव कराया गया। वहीं बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी अलग-अलग सीटों के लिए मतदान हुआ था।
बैलेट पेपर को लेकर फिर छिड़ी बहस
कांग्रेस और कई विपक्षी पार्टियां लंबे समय से EVM के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करती रही हैं। विपक्ष का कहना है कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ सकता है। अब MLC चुनाव में बैलेट पेपर के इस्तेमाल के बावजूद कांग्रेस को मिली हार को लेकर बीजेपी ने विपक्ष पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। अमित शाह का “Ballot Box इस्तीफा दो” वाला बयान इसी राजनीतिक तंज का हिस्सा माना जा रहा है।
