CG Surajpur Cyber Fraud Case: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। यहां भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एक शाखा में संचालित बैंक खाते से 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। यह रकम देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतों में दर्ज है। मामले में पुलिस ने अमन पासवान और जिशान खान को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच इसी बैंक खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। इसके बदले आरोपियों को 13 लाख रुपये कमीशन मिला था। कमीशन की रकम निकालने के लिए चेक और एटीएम का इस्तेमाल किया गया था। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी को पहले ही गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान पेश कर चुकी है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
दरअसल, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के समन्वय पोर्टल ज्वाइंट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन टीम मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (JCC-TMS) के माध्यम से पुलिस को संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी मिली थी। इसके बाद सूरजपुर पुलिस ने अलग-अलग बैंकों के खातों की जानकारी जुटाकर जांच शुरू की।
इसी दौरान सूरजपुर स्थित SBI शाखा में खुले एक बैंक खाते से देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन का पता चला। पुलिस ने खाते से जुड़े KYC दस्तावेज और बैंक डिटेल्स हासिल कर जांच की तो 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतें सामने आईं। इन शिकायतों के आधार पर खाते से कुल 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये का लेनदेन होना पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर थाने में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत BNS की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
संस्था के नाम पर खुलवाया गया था बैंक खाता
पुलिस जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन नाम से एक संस्था का पंजीयन कराया था। इसी संस्था के नाम पर सूरजपुर की SBI शाखा में बैंक खाता खुलवाया गया था। जांच के दौरान इसी खाते से देश के अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी की रकम के लेनदेन का खुलासा हुआ। पुलिस अब खाते के माध्यम से हुए संदिग्ध लेनदेन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
13 करोड़ की ठगी की रकम के बदले मिला 13 लाख कमीशन
पुलिस के मुताबिक, 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के SBI खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम आई थी। इसके बदले आरोपियों को कुल 13 लाख रुपये कमीशन मिला था। जांच में सामने आया कि कमीशन की रकम अलग-अलग लोगों में बांटी गई थी। इसमें देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख रुपये, अमन पासवान को 2 लाख रुपये और जिशान खान को 2 लाख 50 हजार रुपये मिले थे।
कमीशन की रकम निकालने के लिए चेक और एटीएम का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के अनुसार, जिशान खान ने चेक और एटीएम के जरिए बैंक से रुपये निकाले थे। पूछताछ में आरोपियों ने कमीशन की रकम खर्च करना बताया है।
मुख्य आरोपी पहले गिरफ्तार, अब दो और आरोपी पकड़े गए
इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोर्ट में चालान पेश कर चुकी है। इसके बाद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें अमन पासवान (32), निवासी पंखानजूर, जिला कांकेर और जिशान खान (30), निवासी नावापारा, जिला सूरजपुर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एक आरोपी फरार, दूसरे राज्यों में भी जांच जारी
मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। इसके साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि साइबर ठगी की रकम किन-किन बैंक खातों में भेजी गई और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अलग-अलग राज्यों में हुए लेनदेन और संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है।
