MP Weather News: भोपाल: पहाड़ों में बर्फबारी के बाद मध्यप्रदेश में ठंड का असर तेज हो गया है। दमोह में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। वहीं, राजधानी भोपाल में पारा 8.2 डिग्री पर पहुंच गया। यह पिछले 10 साल में नवंबर की तीसरी सबसे ठंडी रात रही। इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर सहित प्रदेश के कई शहरों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
भोपाल, शाजापुर और राजगढ़ में बुधवार को सर्द हवाएं चलती रहीं। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी इन जिलों में ठंड का असर बना रहेगा। तीनों जिलों के लिए कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। यहां दिन के तापमान में भी गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचने के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें- संविधान दिवस पर PM मोदी का लेख, संविधान को बताया देश की प्रगति का आधार, विपक्ष पर भी साधा निशाना
भोपाल में लगातार तीसरे साल रिकॉर्ड ठंड
राजधानी भोपाल में लगातार तीसरे साल नवंबर में रिकॉर्ड ठंड पड़ रही है। इस बार यहां न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले 17 नवंबर 2025 को पारा 5.2 डिग्री और 29 नवंबर की रात 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
वहीं, 2018 से 2023 तक नवंबर में भोपाल का न्यूनतम तापमान 10.2 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। तेज ठंड के कारण सुबह की पाली में संचालित होने वाले स्कूलों की टाइमिंग भी बढ़ा दी गई है। पहले सुबह 7:30 बजे शुरू होने वाले स्कूल अब 8 बजे से लगेंगे। छोटे बच्चों को ठंड से राहत देने के लिए अधिकांश निजी स्कूलों ने समय में बदलाव किया है।
जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में 11 डिग्री से नीचे तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, बीती रात जबलपुर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, उज्जैन में 11 डिग्री और ग्वालियर में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रीवा में 9.2 डिग्री, रायसेन में 9.4 डिग्री, उमरिया में 10.3 डिग्री, गुना में 10.8 डिग्री, खजुराहो और छिंदवाड़ा में 11.2 डिग्री, श्योपुर में 11.4 डिग्री तथा सीधी, बैतूल और सतना में 11.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
30 शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट
प्रदेश के मलाजखंड, दतिया, मंडला, नौगांव, खंडवा, नरसिंहपुर, धार, टीकमगढ़, रतलाम, पचमढ़ी, खरगोन और नर्मदापुरम में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कुल 30 शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई है। सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा भी छा रहा है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते प्रदेश में ठंड का असर बढ़ गया है। खासकर सुबह और रात के समय लोगों को अधिक सर्दी महसूस हो रही है।

