हरिद्वार। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान को लेकर जारी विवाद के बीच योग गुरु स्वामी रामदेव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को अपना छोटा भाई और बेटे जैसा बताया। हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वामी रामदेव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री उनके छोटे भाई और शिष्य जैसे हैं। इसलिए जिन बातों को उन्होंने अनुचित माना और जिनसे उन्हें दुख पहुंचा, उन पर अपने अधिकार से डांटा। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने भी उनकी डांट को प्यार के रूप में स्वीकार किया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करते हुए बयान दिया था। इस पर स्वामी रामदेव ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने मंच से कहा था कि पहले तुलना की और फिर माफी मांग ली। इसके बाद बांके बिहारी के दर पर जाकर मत्था टेक लिया, लेकिन इसके बावजूद कृष्ण को टेढ़ा बताया जा रहा है। इसी दौरान रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा था, ”अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी।”

स्वामी रामदेव के बयान पर धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा था?

स्वामी रामदेव की टिप्पणी के बाद धीरेंद्र शास्त्री की प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। उन्होंने कहा था कि रामदेव जी हमारे बड़े और पूजनीय हैं। चार दिन पहले वे हमारे पंडाल में आए थे और हमारी स्तुति की थी, लेकिन चार दिन बाद हमारी निंदा कर रहे हैं। हो सकता है कि हमारी कोई बात उन्हें बुरी लगी हो, इसलिए उन्होंने ऐसा कहा। हालांकि, उन्होंने हमारा नाम नहीं लिया।

निंदा और प्रशंसा दोनों स्वीकार: धीरेंद्र शास्त्री

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि वे संतों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं और स्वामी रामदेव को हमेशा अभिभावक के रूप में देखते आए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें निंदा और प्रशंसा दोनों स्वीकार हैं। वे सपने में भी संतों के प्रति अवहेलना का भाव नहीं रख सकते। उन्होंने कहा कि वे हमेशा संतों और हिंदुओं के साथ रहे हैं और हिंदुओं की एकता के लिए काम करते हैं, तोड़ने के लिए नहीं।

बांके बिहारी के दर पर पहुंचे थे धीरेंद्र शास्त्री

विवाद के बीच पंडित धीरेंद्र शास्त्री दो दिन पहले वृंदावन पहुंचे थे। यहां उन्होंने बांके बिहारी के दर्शन किए और मंदिर में नाक रगड़कर प्रणाम किया था। इसके बावजूद भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए उनके बयान पर विवाद जारी रहा। इसी बात को लेकर स्वामी रामदेव ने नाराजगी जताई थी।

धर्मांतरण को लेकर भी दिया था बयान

इससे पहले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धर्मांतरण को लेकर भी बयान दिया था। मध्य प्रदेश के मैहर में दर्शन के बाद उन्होंने कहा था कि धर्मांतरण के लिए बहुत से लोग और विदेशी ताकतें प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि अब देश में धर्मांतरण नहीं चलेगा, हिंदू एक होकर रहेगा और भारत हिंदू राष्ट्र होकर रहेगा।