MP Outsourced Employees: भोपाल। मध्यप्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से हटाए जाने की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा और उनकी नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में जारी व्यवस्था कायम रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी सरकार की ताकत और पहचान कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास के संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कर्मचारी संगठनों ने दो संतान की सीमा की नीति समाप्त करने, पदोन्नति और वेतन-भत्तों में वृद्धि सहित विभिन्न कर्मचारी हितैषी निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कर्मचारियों का सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है और योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उन्हें लागू कर अंतिम पंक्ति के जरूरतमंद व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का काम कर्मचारी करते हैं। कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए सरकार और अधिकारी-कर्मचारी एक परिवार की तरह काम कर रहे हैं। कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता रखना जरूरी है।
दो संतान की सीमा की नीति समाप्त, पदोन्नति का भी लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो बच्चों की सीमा की नीति समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसके अलावा सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदोन्नति में कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से छूट दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में रिक्त पदों पर भर्ती का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इससे कई विभागों में युवा और ऊर्जावान कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है।
अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का तेजी से हो रहा निराकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवारों को सहायता देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग में ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन और भत्तों में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
राज्य सरकार ने कम्प्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेट टेस्ट सहित लगभग 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण भी किया है। इसके साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से सहमति लेने की पुरानी प्रथा को समाप्त किया गया है।
कर्मचारी कल्याण आयोग का किया गया गठन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं और विभिन्न विषयों को बारीकी से समझने के लिए मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन किया गया है। सरकार कर्मचारियों की परेशानियों को समझकर उनके समाधान के लिए लगातार निर्णय ले रही है।
कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को सराहा
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण किया है। मध्यप्रदेश सरकार पदोन्नति देने के मामले में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों को दूर करने और अनुकंपा नियुक्तियों के मामलों में भी सरकार ने सकारात्मक कदम उठाए हैं।
गुर्जर ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों कार्यरत हैं। कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि सरकार आगे भी कर्मचारी हित में निर्णय लेती रहेगी।
