नई दिल्ली: पैकेट में बिकने वाले खाद्य पदार्थों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि जिन खाद्य पदार्थों में फैट, शुगर या नमक की मात्रा तय सीमा से अधिक होगी, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग लाल चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। इससे ग्राहकों को खरीदारी के समय आसानी से पता चल सकेगा कि किसी खाद्य पदार्थ में कौन सा तत्व अधिक मात्रा में मौजूद है।
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
तीन अलग-अलग लाल चेतावनी निशान लगाने होंगे
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक चेतावनी का निशान लाल रंग के षटकोण यानी छह कोनों वाले आकार में होना चाहिए। इसमें संबंधित जानकारी और तस्वीर भी दी जानी चाहिए। उदाहरण के तौर पर हाई फैट, हाई शुगर और हाई सॉल्ट के लिए अलग-अलग निशान होंगे। यदि किसी पैकेट में फैट, शुगर और नमक तीनों की मात्रा तय सीमा से अधिक है, तो उस पर तीन अलग-अलग चेतावनी निशान लगाने होंगे। एक ही निशान में तीनों की जानकारी देना पर्याप्त नहीं होगा।
FSSAI को वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर तय करनी होगी सीमा
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों में कुल शुगर (Total Sugar) और सैचुरेटेड फैट की मात्रा को ध्यान में रखकर चेतावनी की सीमा तय की जाए। केवल ऊपर से मिलाई गई चीनी या फैट को इसका आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।
कोर्ट ने कहा कि चेतावनी की सीमा तय करते समय वैज्ञानिक तथ्यों और रिसर्च को ध्यान में रखना जरूरी है। यदि सीमा बहुत कम रखी गई तो लगभग हर पैकेट पर चेतावनी लगानी पड़ेगी, जिससे लोग इन निशानों को गंभीरता से लेना बंद कर सकते हैं। वहीं, सीमा बहुत अधिक रखने पर कई ऐसे उत्पाद भी चेतावनी से बच सकते हैं, जिनमें नुकसान पहुंचाने वाले तत्व ज्यादा मात्रा में मौजूद हैं।
पैकेट के सामने 4 से 5 फीसदी होगा निशान का आकार
कोर्ट ने कहा कि हर लाल चेतावनी निशान का आकार पैकेट के मुख्य हिस्से का करीब 4 से 5 फीसदी होना चाहिए, ताकि ग्राहक इसे आसानी से देख सकें। निशान के अंदर लिखे शब्दों का आकार भी ऐसा होना चाहिए कि सामान्य रोशनी में उन्हें आसानी से पढ़ा जा सके। इसके साथ ही केंद्र सरकार को 2020 के फूड सेफ्टी और लेबलिंग नियमों को प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्देश दिया गया है।
बच्चों को सही खानपान के प्रति जागरूक करने पर जोर
सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों में पौष्टिक भोजन और सही खानपान को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया है। कोर्ट ने कहा कि स्कूलों के पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव किए जाएं और बच्चों को पौष्टिक भोजन के बारे में किताबी जानकारी के साथ व्यावहारिक रूप से भी समझाया जाए।
इसके लिए स्कूलों में वर्कशॉप, गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकता है, ताकि बच्चे समझ सकें कि कौन सा भोजन सेहत के लिए अच्छा है और किन खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए।
10 हफ्ते बाद फिर होगी मामले की सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से नए नियमों का ड्राफ्ट तैयार करने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी मांगी है। कोर्ट ने मामले को 10 हफ्ते बाद फिर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। इस दौरान FSSAI को अपनी रिपोर्ट और हलफनामा कोर्ट में जमा करना होगा।
