Constitution Day 2026: नई दिल्ली: देशभर में आज गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लेख लिखकर संविधान की मूल भावना, उसकी ताकत और बदलते भारत में उसकी भूमिका को रेखांकित किया है। पीएम मोदी ने संविधान को देश की प्रगति का आधार और भारत का पथप्रदर्शक बताया। साथ ही उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों तथा युवाओं में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। अपने लेख में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर भी कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
संविधान की मूल भावना और युवाओं की भूमिका पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में कहा कि संविधान केवल शासन चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की प्रगति और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया। पीएम ने कहा कि संविधान के प्रति लोगों, विशेषकर युवाओं की भागीदारी और जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से उनकी सरकार ने संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की। उन्होंने युवाओं से संविधान की मूल भावना को समझने और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की अपील की।
सामान्य परिवार से प्रधानमंत्री बनने तक का सफर संविधान की देन
पीएम मोदी ने अपने लेख में अपनी सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को आगे बढ़ने और बड़े दायित्व निभाने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि सामान्य परिवार में जन्म लेने और किसी विशेष सुविधा के बिना बचपन बिताने के बावजूद उन्हें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी मिली। यह संविधान की ताकत और समान अवसरों की भावना को दर्शाता है।
सामाजिक और आर्थिक न्याय के लिए योजनाओं का जिक्र
प्रधानमंत्री ने सामाजिक और आर्थिक न्याय के संवैधानिक संकल्प का उल्लेख करते हुए विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। पीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और यूपीआई जैसी पहलों को सामाजिक-आर्थिक न्याय के वादे को जमीन पर उतारने वाले उदाहरण बताया।
तीन संविधान संशोधनों को बताया महत्वपूर्ण
पीएम मोदी ने 101वें, 102वें और 103वें संविधान संशोधनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा किया गया। 101वें संशोधन से जीएसटी लागू करने का रास्ता साफ हुआ, 102वें संशोधन के जरिए राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला और 103वें संशोधन के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया।
संविधान को 22 भाषाओं में उपलब्ध कराने का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान को आम भारतीयों के और करीब लाने के लिए इसे आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए औपनिवेशिक सोच वाली दंड व्यवस्था से नागरिक केंद्रित न्याय व्यवस्था की ओर बदलाव किया गया है।
संविधान संशोधनों और अनुच्छेद 356 को लेकर विपक्ष पर निशाना
अपने लेख में पीएम मोदी ने पहले संविधान संशोधन और 42वें संशोधन का उल्लेख करते हुए तत्कालीन सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि एक पार्टी ने अनुच्छेद 356 का करीब 100 बार इस्तेमाल कर निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि एक प्रधानमंत्री ने 50 से अधिक बार इस प्रावधान का इस्तेमाल किया।
अनुच्छेद 370 और नक्सलवाद का भी किया उल्लेख
पीएम मोदी ने 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A में किए गए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं को अधिकार मिलने का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे गरीबों को बिना डर के अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री ने अपने लेख में ‘दिमागी नक्सली’ शब्द का भी इस्तेमाल किया।
OBC और मुस्लिम आरक्षण को लेकर विपक्ष पर आरोप
प्रधानमंत्री ने देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह OBC आरक्षण का हिस्सा कम करके मुस्लिम आरक्षण लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान निर्माताओं ने मुस्लिम आरक्षण का स्पष्ट विरोध किया था। यह मुद्दा भी पीएम मोदी के लेख में विपक्ष पर किए गए प्रमुख राजनीतिक हमलों में शामिल रहा।
महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा
पीएम मोदी ने संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महिलाओं को याद करते हुए महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक को रोकने का आरोप लगाया और कहा कि प्रमुख विपक्षी दल अब ‘विरोध पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान
प्रधानमंत्री ने अपने लेख के अंत में नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और अपने कर्तव्यों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोच में ‘इंडिया फर्स्ट’ और काम में कर्तव्य का भाव रखकर 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बीजेपी देशभर में मनाएगी संविधान गौरव दिवस
संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में संविधान गौरव दिवस मना रही है। पार्टी 26 से 30 नवंबर तक पांच दिवसीय संविधान जागरूकता अभियान चलाएगी। इसके तहत संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं को आम लोगों तक पहुंचाने की योजना है। इस अभियान के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन पटना में कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा गुजरात के अहमदाबाद में सार्वजनिक कार्यक्रम करेंगे। इसके अलावा बीजेपी ने 1 दिसंबर से ‘सेवा दूत अभियान’ शुरू करने का भी फैसला किया है।
संविधान दिवस के अवसर पर जहां बीजेपी संविधान गौरव दिवस और जागरूकता अभियान के जरिए कार्यक्रम आयोजित कर रही है, वहीं कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दल भी अपने-अपने स्तर पर संविधान दिवस मना रहे हैं।
