भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026’ में युवाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 से मध्यप्रदेश में लोक सेवा आयोग (PSC) की परीक्षा नियमित रूप से साल में दो बार आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में अतिरिक्त अवसर देने के लिए एक अलग परीक्षा का भी प्रावधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को सरकारी सेवाओं में जाने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2027 से PSC परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। इसके अलावा एक अतिरिक्त परीक्षा का प्रावधान भी किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए ज्यादा मौके मिलेंगे।
12 नई स्किल यूनिवर्सिटी और 12 मेडिकल कॉलेज खुलेंगे
सीएम ने उच्च शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में भी बड़े विस्तार की घोषणा की। प्रदेश में 12 नई स्किल यूनिवर्सिटी खोली जाएंगी। इनका उद्देश्य युवाओं को उनके गृह जिले या आसपास के क्षेत्रों में रोजगारपरक और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। वहीं वर्ष 2027 में प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाने की घोषणा की गई है।
रिसर्च छात्रों की स्कॉलरशिप बढ़कर ₹25 हजार
मुख्यमंत्री ने शासकीय कॉलेजों में शोध कार्य करने वाले छात्रों के लिए भी बड़ी घोषणा की। रिसर्च स्कॉलर्स को मिलने वाली मासिक स्कॉलरशिप ₹16 हजार से बढ़ाकर ₹25 हजार कर दी गई है। सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश में शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा तथा ज्यादा युवा रिसर्च के क्षेत्र में आगे आएंगे।
युवाओं के स्टार्टअप के लिए बनेगा ₹5 करोड़ का फंड
युवाओं के नए व्यावसायिक आइडिया और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए ₹5 करोड़ का विशेष फंड बनाने की घोषणा भी की गई है। इसके जरिए नए आइडिया को आर्थिक सहायता और शुरुआती स्तर पर जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने की योजना है।
2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाएगी। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, शोध और उद्यमिता के क्षेत्र में कई योजनाओं पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब केवल कृषि आधारित राज्य नहीं रहा, बल्कि उद्योग, इंजीनियरिंग, मेडिकल शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ढाई साल में 85 हजार नौकरियां देने का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में 85 हजार नौकरियां दी हैं। उन्होंने खेलों में युवाओं की उपलब्धियों का भी जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और मजबूत हौसलों के दम पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
