MPPSC Exam Calendar 2027: भोपाल। मध्यप्रदेश के प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साल में दो बार पीएससी परीक्षा आयोजित कराने के फैसले के बाद मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने शुक्रवार को वर्ष 2027 का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। कैलेंडर में राज्य सेवा परीक्षा दो बार आयोजित करने सहित कुल 25 प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तारीखें घोषित की गई हैं। ये परीक्षाएं जनवरी से अक्टूबर 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी।

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। इसके बाद राज्य इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 14 फरवरी और राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 7 मार्च 2027 को प्रस्तावित है। पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी तथा उप संचालक एवं सहायक संचालक (तकनीकी) की परीक्षाएं 18 अप्रैल को होंगी। राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल और राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा (विशेष) 2 मई 2027 को आयोजित की जाएगी। वहीं, सहायक कुलसचिव परीक्षा 30 मई को प्रस्तावित है। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 10 से 15 मई 2027 तक आयोजित की जाएगी।

जून से अक्टूबर तक इन परीक्षाओं का आयोजन

जून से अक्टूबर के बीच विभिन्न विभागों की प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके तहत आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, यूनानी चिकित्सा अधिकारी और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी की परीक्षाएं 27 जून को होंगी। सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी और ग्रंथपाल की परीक्षाएं 4 जुलाई को आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा सहायक प्रबंधक परीक्षा 25 जुलाई, खनिज निरीक्षक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी परीक्षा 1 अगस्त को प्रस्तावित है।

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा (विशेष) 9 से 14 अगस्त तक आयोजित होगी। वहीं, वैज्ञानिक अधिकारी (भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान) की परीक्षाएं 26 सितंबर और कराधान सहायक तथा व्याख्याता (पॉलिटेक्निक महाविद्यालय) की परीक्षाएं 17 अक्टूबर 2027 को प्रस्तावित हैं।

विभागों से मांगपत्र मिलने के बाद जारी होंगे विज्ञापन

आयोग ने स्पष्ट किया है कि जारी परीक्षा कैलेंडर संभावित है। संबंधित विभागों से मांगपत्र प्राप्त होने के बाद ही भर्ती के विज्ञापन जारी कर चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। न्यायालयीन प्रकरणों में संबंधित न्यायालय के आदेशों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है।

इसके अलावा विभागों से प्राप्त मांगपत्रों के आधार पर नए विज्ञापन जारी करते समय परीक्षा की तारीखों में संशोधन भी संभव है। परीक्षाएं समाप्त होने के बाद साक्षात्कार की तारीखें अलग से घोषित की जाएंगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा की अंतिम तारीखों, भर्ती विज्ञापनों और कार्यक्रम में होने वाले बदलावों की जानकारी के लिए MPPSC की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।