MP Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में विकास कार्यों को गति देने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने प्रगतिरत और स्वीकृत निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन कार्यों का भूमि पूजन हो चुका है, उन्हें भी मौके पर तत्काल प्रारंभ कराया जाए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को भौरा-शाहपुर एवं पाढर मार्ग के डामरीकरण और पुलिया मरम्मत का काम जल्द पूरा कराने की सख्त हिदायत दी। इसके अलावा परतवाड़ा मार्ग की मरम्मत और सुधार कार्य भी शीघ्र कराने को कहा।
सेतु निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी पुल और माचना पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं, भीमपुर विकासखंड के डोक्या से गुरेठा तथा धामन्या से चुनलोमा मार्ग पर पुल सहित सड़क निर्माण के लिए एकीकृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
छात्रावास और शैक्षणिक परिसरों में बढ़ेंगी सुविधाएं
जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों वाले विद्यालयों में जल्द शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नवनिर्मित कन्या शिक्षा परिसरों और क्रीड़ा परिसरों में खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
इसके साथ ही एकलव्य विद्यालयों में अधोसंरचना विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा के लिए अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण भवन इकाई के अंतर्गत कोसमी छात्रावास तथा मुलताई के बालक एवं बालिका छात्रावास से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
पूर्ण हो चुके स्वास्थ्य केंद्रों को जल्द करें शुरू
स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पूर्ण हो चुके स्वास्थ्य केंद्रों को जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में आवश्यक यूटिलिटी सुविधाएं सुनिश्चित कर स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ की जाएं, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके। नए स्कूल भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्कूल भवनों के निर्माण में गुणवत्ता संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत मॉडल स्कूल बनाने पर जोर
बैठक में शिक्षा संजीवनी अभियान के अंतर्गत विद्यालयों की अधोसंरचना विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसमें लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत संचालित कार्य शामिल रहे। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उनके द्वारा चयनित विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए सभी निर्माण और विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के साथ उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
समय-सीमा और गुणवत्ता पर अधिकारियों की जवाबदेही तय
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि स्वीकृत और प्रगतिरत निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें। जिन कार्यों का भूमि पूजन हो चुका है, उन्हें बिना देरी किए शुरू कराया जाए और अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। बैठक में विभिन्न निर्माण विभागों और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
