भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के एक बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सोशल मीडिया पर दिग्विजय सिंह का एक वीडियो साझा कर उन पर हिंदुत्व और सनातन धर्म के प्रति द्वेष रखने का आरोप लगाया है। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने वीडियो पोस्ट करते हुए दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन यात्रा’ पर सवाल उठाए हैं। साथ ही उनसे हिंदू समाज से माफी मांगने की मांग की है।
बीजेपी मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह का हिंदुत्व के प्रति द्वेष एक बार फिर उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि सत्य सनातन यात्रा का चोला पहनकर निकले दिग्विजय सिंह उसी सनातन धर्म और हिंदुत्व को विद्वेष फैलाने वाली विचारधारा बता रहे हैं, जिसने हजारों वर्षों से भारत की संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक समरसता को जीवित रखा है।
हिंदुत्व भारत की आत्मा: लोया
बृजगोपाल लोया ने अपने पोस्ट में कहा कि हिंदुत्व नफरत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। यह विभाजन नहीं, बल्कि विविधताओं को स्वीकार करने वाली जीवन पद्धति है। हिंदुत्व ने दुनिया को सहिष्णुता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए सनातन धर्म और हिंदुत्व को निशाना बना रहे हैं।
बीजेपी ने पूछा- आस्था की यात्रा या राजनीतिक पैंतरा?
बीजेपी की ओर से दिग्विजय सिंह की यात्रा के उद्देश्य पर भी सवाल उठाए गए हैं। लोया ने पूछा कि यह कैसी सत्य सनातन यात्रा है, जिसमें सनातन की ही विचारधारा को कटघरे में खड़ा किया जा रहा है? क्या यह वास्तव में आस्था की यात्रा है या राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने का नया पैंतरा है?
अन्य धर्मों पर टिप्पणी करने की दी चुनौती
बीजेपी मीडिया प्रभारी ने दिग्विजय सिंह से सवाल किया कि हिंदुत्व पर सवाल उठाने से पहले क्या उनमें अन्य धर्मों की विचारधाराओं पर भी इसी तरह टिप्पणी करने का साहस है? उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुत्व को निशाना बनाकर तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है।
लोया ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता इन सवालों का जवाब चाहती है। उन्होंने दिग्विजय सिंह से हिंदुत्व को बदनाम करने के लिए हिंदू समाज से माफी मांगने की मांग की है। फिलहाल, बीजेपी के इन आरोपों और हमले पर दिग्विजय सिंह या कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
