रायपुर: देवउठनी एकादशी के अवसर पर शुक्रवार, 20 नवंबर को संपूर्ण रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इसके चलते रायपुर शहर से लेकर नवा रायपुर और जिले के अन्य क्षेत्रों में स्थित शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं में छुट्टी रहेगी। हालांकि, बैंकों, कोषालयों और उप कोषालयों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज जारी रहेगा।
शासन और कलेक्टर ने जारी किए अलग-अलग आदेश
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय, नवा रायपुर सहित रायपुर शहर स्थित शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया है। वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आदेश जारी कर रायपुर शहर और नवा रायपुर क्षेत्र को छोड़कर जिले के शेष क्षेत्रों में भी स्थानीय अवकाश घोषित किया है।
पूरे रायपुर जिले में लागू रहेगा अवकाश
शासन और जिला प्रशासन के अलग-अलग आदेशों के बाद शुक्रवार को संपूर्ण रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश प्रभावी रहेगा। इस दौरान जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और संस्थाओं में नियमित कामकाज नहीं होगा।
बैंक और कोषालयों में जारी रहेगा कामकाज
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि स्थानीय अवकाश बैंकों, कोषालयों एवं उप कोषालयों पर लागू नहीं होगा। इन संस्थानों में पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कामकाज जारी रहेगा।
