उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने 91 साल की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शनिवार को हरिद्वार में होने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी पिछले काफी समय से अस्वस्थ थीं। शुक्रवार को पंचूर गांव में उनका निधन हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन परिवार के संपर्क में हैं। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि प्रशासन की ओर से परिवार के साथ समन्वय बनाया जा रहा है।

उत्तराखंड के सीएम धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

सीएम धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।