MP Ujjain News: उज्जैन: मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल शुक्रवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की तड़के होने वाली दिव्य भस्म आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया। उपमुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन करते रहे। इस दौरान वे बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए।

एकादशी पर भस्म आरती के दर्शन कर हुए भावविभोर

बाबा महाकाल के दर्शन के बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आज उन्हें भगवान महाकाल की भस्म आरती के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आज एकादशी का पावन दिन है और इस दिन बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन का अवसर मिलना भगवान की कृपा से ही संभव हुआ है।

बाबा महाकाल से की सभी के कल्याण की प्रार्थना

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बाबा महाकाल से सभी के कल्याण की प्रार्थना की है। भगवान से कामना की है कि सभी निरोगी रहें, सुखी रहें और उनका आशीर्वाद सब पर बना रहे।

मंदिर समिति ने किया स्वागत-सत्कार

उपमुख्यमंत्री के मंदिर आगमन पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक एवं जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाड़िया ने उनका स्वागत-सत्कार किया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।