MP Sagar News: सागर: मध्यप्रदेश के सागर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
बता दें कि यह हादसा देवरी क्षेत्र में गौरझामर थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के समीप हुआ। हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में 35 से 36 लोग सवार थे।
नर्मदा दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग सागर जिले के बांदरी के पास स्थित ग्राम गड़ौला गोसाई के रहने वाले थे। सभी लोग बरमान घाट पर नर्मदा दर्शन और स्नान करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नीम घाटी के पास हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कुछ लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चलाया राहत एवं बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों सहित अन्य घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
तीन लोगों की मौत, गांव में पसरा मातम
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव के रूप में हुई है। तीन लोगों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। अभी तक दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार होने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
