दमोह। दमोह शहर के दमयंतीपुरम क्षेत्र में मंगलवार शाम को आवास परिसर के पास स्थित दमयंती तलैया में नहाने गए एक 50 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदू यादव के रूप में हुई है। व्यक्ति के तलैया में डूबने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार, दमयंती तलैया की गहराई करीब 15 फीट है। अधिक गहराई के कारण SDRF टीम को रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की तलाश के बाद टीम ने व्यक्ति को बाहर निकाला।

बच्चे ने भी व्यक्ति को बचाने का किया प्रयास

बताया गया है कि तलैया के पास खेल रहे कृष्ण नाम के बच्चे ने भी डूब रहे व्यक्ति को बचाने का प्रयास किया था। उसने पानी में तौलिया फेंककर व्यक्ति को पकड़ाने और बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों ने तत्काल जबलपुर चौकी नाका पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू के बाद व्यक्ति के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।