Satna Road Accident: सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में मंगलवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में जीजा-साले समेत तीन युवकों की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक और सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना सभापुर थाना क्षेत्र की है।

शादी समारोह से लौट रहे थे तीनों युवक

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब 4 बजे बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। बाइक पर लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत, उनके जीजा हरिलाल हरिजन निवासी पगार और रणधीर सिंह निवासी नई बस्ती कोलगवां सवार थे। तीनों बिरसिंहपुर में आयोजित शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।

100 मीटर तक बाइक सवारों को घसीटती रही कार

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद कार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बिजली का खंभा भी टूट गया।

दो की मौके पर मौत, तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

हादसे में हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सत्यनारायण साकेत ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में तीनों युवकों की जान चली गई।

कार छोड़कर फरार हुए चालक और सवार

दुर्घटना के बाद कार चालक और उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश की जा रही है।