चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच एक बार फिर गठबंधन हो गया है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। दोनों दल आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के तहत लड़ेंगे।
अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि अकाली दल और बीजेपी ने फैसला किया है कि अगला पंजाब विधानसभा चुनाव दोनों दल एनडीए के तौर पर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए के लिए खुशी की बात है कि उसका सबसे पुराना सहयोगी फिर से गठबंधन में लौट आया है। अमित शाह ने सुखबीर सिंह बादल का स्वागत करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अकाली दल की वापसी पर खुशी जताई है।
2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य
अमित शाह ने पंजाब के लिए गठबंधन के प्रमुख लक्ष्यों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य से नशे और भ्रष्टाचार का उन्मूलन करना तथा राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि पंजाब के विकास का रोडमैप तैयार करने के लिए बीजेपी अध्यक्ष और सुखबीर सिंह बादल के बीच तीन महीने तक चर्चा हुई है। अमित शाह ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने पंजाब के लिए कुछ नहीं किया।
पंजाब में विकासोन्मुख सरकार बनाएंगे: नितिन नवीन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गठबंधन को स्वाभाविक बताते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल के साथ आने से एनडीए मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर पंजाब में विकासोन्मुख सरकार बनाएंगे। वहीं, विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि इस पर बाद में चर्चा की जाएगी।
राजनीतिक नहीं, इमोशनल गठबंधन है: सुखबीर बादल
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को राजनीतिक नहीं, बल्कि इमोशनल गठबंधन बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब, देश और सिख कौम के हित में दोनों दल फिर एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि 1996 में दोनों दलों के बीच परिवार जैसा रिश्ता बना था और अब पंजाब को बचाने के लिए फिर साथ आए हैं।
सुखबीर बादल ने पंजाब में ड्रग माफिया और गैंगस्टर राज का आरोप लगाते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन सरकारों ने पंजाब को बर्बाद किया है।
2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर टूटा था गठबंधन
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल लंबे समय तक एक-दूसरे के सहयोगी रहे हैं। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद पैदा हुए और अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। बाद में किसानों के विरोध के बीच केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे।
कई लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ लड़ चुके हैं दोनों दल
बीजेपी और अकाली दल ने 1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव एक साथ लड़े थे। इसके अलावा 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों में भी दोनों दल गठबंधन में उतरे थे।
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में अकाली दल को तीन और बीजेपी को दो सीटें मिली थीं। वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत अकाली दल ने 15 और बीजेपी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दलों के बीच गठबंधन की चर्चा हुई थी, लेकिन बात नहीं बन पाई थी।
