भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का AI से बनाया गया कथित भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में बीजेपी ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी ने भोपाल साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराते हुए FIR और गिरफ्तारी की मांग की है। प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल भोपाल कमिश्नरेट पहुंचा और इस संबंध में आवेदन सौंपा।
पीसी शर्मा पर भ्रामक AI वीडियो पोस्ट करने का आरोप
बीजेपी प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने आरोप लगाया कि पीसी शर्मा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भ्रामक AI वीडियो पोस्ट किया था। यह वीडियो पाकिस्तान और चीन से संबंधित था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास झूठ बोलने, भ्रम फैलाने और कूटरचना करने का रहा है और इस मामले में भी यही देखने को मिला है।
बीजेपी ने वीडियो को बताया कूटरचित
राहुल कोठारी के मुताबिक, बीजेपी के सोशल मीडिया विभाग की सतर्कता से इस वीडियो का पता चला। मामले की पड़ताल करने पर वीडियो कूटरचित पाया गया। उन्होंने दावा किया कि बाद में पीसी शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो डिलीट कर दिया, लेकिन बीजेपी के पास वीडियो से संबंधित रिकॉर्ड, स्क्रीनशॉट, हिस्ट्री और आर्काइव सुरक्षित हैं।
नितिन नवीन के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप
कोठारी ने आरोप लगाया कि नितिन नवीन द्वारा सद्भावना के साथ दिए गए उद्बोधन को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह का वीडियो बनाकर पाकिस्तान और चीन जैसे द्विपक्षीय देशों के साथ रिश्तों में खटास डालने का प्रयास किया गया है। उन्होंने इसे गलत सोच का परिणाम बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
BJP ने की FIR और गिरफ्तारी की मांग
बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने साइबर क्राइम पुलिस को आवेदन देकर मामले में तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की है। पार्टी ने पीसी शर्मा की गिरफ्तारी की भी मांग उठाई है। राहुल कोठारी ने कहा कि इस तरह की कूटरचना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के भ्रामक वीडियो बनाने और फैलाने पर रोक लग सके।
