नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक बार फिर विदेश दौरे पर हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी सोमवार रात 11:35 बजे दिल्ली से वियतनाम के हनोई के लिए रवाना हुए। उनके विदेश दौरे को लेकर बीजेपी ने सवाल खड़े किए हैं।

राहुल गांधी लगातार ‘वोट चोरी’ और SIR के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साध रहे थे। वह CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन भी कर रहे थे। ऐसे में अब अचानक विदेश दौरे पर जाने को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोला है। बीजेपी का कहना है कि इससे पहले भी SIR के मुद्दे के दौरान राहुल गांधी विदेश दौरे पर चले गए थे।

BJP ने कहा- राहुल गांधी ‘वेकेशन पॉलिटिशियन’

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने X पर राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी फिर वही काम कर रहे हैं, जिसमें वे सबसे माहिर हैं- आराम करना और छुट्टियां मनाना। उन्होंने सवाल उठाया कि नवरात्रि के दौरान राहुल गांधी विदेश में क्या कर रहे हैं और क्या वह अपने ‘अराजकता फैलाने वाले साथियों’ से मिलने गए हैं।

कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों का दिया जवाब

बीजेपी के आरोपों पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि अगर राहुल गांधी विदेश दौरे पर हैं तो इससे बीजेपी को खुश होना चाहिए, क्योंकि इससे बीजेपी की परेशानी कम हुई है। वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद रामशंकर राजभर ने भी राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि राहुल गांधी यहां होते तो प्रदर्शन करते, इसलिए यह बीजेपी के लिए राहत की बात है।

22 साल में 54 विदेश दौरों का BJP का दावा

राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर करीब पांच महीने पहले भी बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा था। बीजेपी ने दावा किया था कि राहुल गांधी 22 साल में 54 बार विदेश गए हैं। यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद ने भी राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा था कि चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच रहना जरूरी है, बार-बार विदेश जाकर सैर-सपाटा करना नहीं।

संदीप दीक्षित बोले- हर कोई विदेश जाता है

राहुल गांधी के विदेश दौरे पर बीजेपी और निषाद पार्टी के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने कहा कि हर कोई विदेश जाता है। उन्होंने सवाल किया कि बीजेपी में राहुल गांधी के विदेश जाने को लेकर इतनी खलबली क्यों मची है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास पूरा सिस्टम है और वह मिनट भर में पता कर सकती है कि राहुल गांधी कहां गए हैं।