भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बदमाशों ने घर में अकेली रह रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर में रखे करीब दो किलो चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कलाबाई नाम की 75 वर्षीय महिला घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो बदमाश घर में घुस आए और धारदार हथियार दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया। इसके बाद बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को एक कमरे में बंधक बना लिया। महिला के सामने ही आरोपियों ने अलमारी के ताले तोड़े और उसमें रखे चांदी के जेवरात व नकदी समेटकर फरार हो गए।

घर पर अकेली थीं कलाबाई

बताया जा रहा है कि कलाबाई की कोई संतान नहीं है। वह अपने बुजुर्ग भाई के नाती और पोते के साथ रहती हैं। घटना के समय दोनों घर पर मौजूद नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

CCTV फुटेज में दिखे दो संदिग्ध

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती जांच में वारदात में शामिल दोनों संदिग्धों के नाबालिग होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।