देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। रामशरण नौटियाल बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं। वह करीब 12 साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

रामशरण नौटियाल पिछले कुछ समय से भाजपा से दूरी बना रहे थे। हाल ही में उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। उन्होंने भाजपा छोड़ने की वजह पार्टी में सम्मान नहीं मिलने को बताया था। उनके विकासनगर या सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा है।

कुमारी शैलजा ने बताया पुराने साथी की घर वापसी

कांग्रेस में रामशरण नौटियाल का स्वागत करते हुए पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने इसे पुराने साथी की घर वापसी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में उन्हें घुटन महसूस हुई और वहां के माहौल तथा कामकाज से उनका मन खिन्न हो गया था। शैलजा ने कांग्रेस में उनका स्वागत करते हुए पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भी किया स्वागत

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी रामशरण नौटियाल का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने से उत्तराखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

2022 में चकराता से लड़ा था विधानसभा चुनाव

रामशरण नौटियाल ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2014 में वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चकराता सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वह देहरादून के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव से पहले उनकी कांग्रेस में वापसी को चकराता और आसपास के क्षेत्रों की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।