खरगोन। मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुये मादक पदार्थों की जब्ती कर रही है और नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कस रही है। इसी बीच, खरगोन पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार” के तहत अवैध गांजे की पर्दाफाश किया है एवं एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार, जिले के भीकनगांव क्षेत्र में पुलिस ने कपास और मिर्ची की फसल के बीच उगाये गये अवैध गांजे के हरे पौधों को उखाड़कर जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुये 82 नग पौधे जब्त किये हैं। जिनका कुल वजन 204.88 किलो एवं अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, भीकनगांव थाने की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैडछा गांव के चार खंभा फालिया में गांजे की अवैध खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई और मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान पुलिस को कपास और मिर्ची के पौधों के बीच गांजे की खेती होती मिली। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से खेत में लगे गांजे के पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
बता दें कि जैसे ही पुलिस की टीम खेत में जांच कर रही थी तभी पुलिस को देखकर दो लोगों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा करते हुये एक व्यक्ति को दबोच लिया एवं दूसरा भागने में कामयाब रहा। पूछताछ में पता चला कि वह खेत का मालिक है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सिकदार पिता झबरसिंह सोलंकी (45) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सिकदार का भाई मोहन कपास की फसल की आड़ लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सिकदार और उसके फरार भाई मोहन के खिलाफ भीकनगांव थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
