जमशेदपुर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय तीरंदाजी संघ (AAI) के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का निधन हो गया है। उन्होंने 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। मां के निधन से अर्जुन मुंडा के परिवार में शोक की लहर है। अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भावुक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी।
अर्जुन मुंडा ने अपनी पोस्ट में मां को खोने का दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।”
उन्होंने अपनी मां के अंतिम संस्कार की जानकारी भी साझा की। बताया जा रहा है कि शायरा मुंडा लंबे समय से अस्वस्थ थीं। दो दिन पहले ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन मुंडा से फोन पर बातचीत कर उनकी मां के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर को दोपहर एक बजे शायरा मुंडा की अंतिम यात्रा जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास से निकलेगी। इसके बाद स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे अर्जुन मुंडा
अर्जुन मुंडा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ आदिवासी नेता हैं। वह झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। उनका जन्म 3 मई 1968 को जमशेदपुर में हुआ था। उन्होंने जमशेदपुर से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और रांची विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से समाजशास्त्र में पीजी डिप्लोमा किया।
झारखंड आंदोलन से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
अर्जुन मुंडा ने 1980 के दशक में अलग झारखंड राज्य के आंदोलन के साथ अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के साथ चुनावी राजनीति शुरू की और 1995 में महज 27 वर्ष की उम्र में खरसावां विधानसभा सीट से पहली बार बिहार विधानसभा के सदस्य चुने गए। वर्ष 2000 में वह भाजपा में शामिल हो गए और खरसावां से दोबारा विधायक बने।
35 साल की उम्र में बने थे मुख्यमंत्री
15 नवंबर 2000 को झारखंड राज्य के गठन के बाद अर्जुन मुंडा को बाबूलाल मरांडी सरकार में समाज कल्याण मंत्री बनाया गया। मार्च 2003 में बाबूलाल मरांडी के इस्तीफे के बाद अर्जुन मुंडा झारखंड के मुख्यमंत्री बने। उस समय उनकी उम्र महज 35 वर्ष थी। उन्होंने तीन बार मुख्यमंत्री पद संभाला। उनका पहला कार्यकाल 2003 से 2005, दूसरा 2005 से 2006 और तीसरा कार्यकाल 2010 से 2013 तक रहा।
केंद्रीय मंत्री से लेकर तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष तक का सफर
अर्जुन मुंडा ने राज्य की राजनीति के साथ राष्ट्रीय राजनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2009 में वह जमशेदपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में खूंटी सीट से जीत दर्ज करने के बाद उन्हें मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री बनाया गया। इसके अलावा दिसंबर 2023 से जून 2024 तक उन्होंने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें खूंटी सीट से हार का सामना करना पड़ा। वर्तमान में वह भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष हैं। अर्जुन मुंडा के परिवार में उनकी पत्नी मीरा मुंडा और तीन बेटे हैं। राजनीति के अलावा उन्हें गोल्फ खेलने और बांसुरी वादन का शौक है।
