MP Ramrao Wadkute Passes Away: नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते का निधन हो गया है। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

रामराव वडकुते को करीब आठ महीने पहले ही बीजेपी ने राज्यसभा भेजा था। उनकी पहचान महाराष्ट्र में धनगर समाज के प्रमुख नेता और अनुभवी राजनेता के रूप में थी। वह शेळी-मेंढी महासंघ के अध्यक्ष भी रह चुके थे। उन्हें बेदाग छवि वाले नेता के तौर पर जाना जाता था।

NCP छोड़कर 2019 में बीजेपी में हुए थे शामिल

रामराव वडकुते पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता थे और महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके थे। अक्टूबर 2019 में उन्होंने NCP छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके बाद 2021 में उन्हें हिंगोली बीजेपी जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने हिंगोली लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रमुख और प्रभारी के रूप में भी काम किया।

पूर्व राज्यसभा सांसद विकास महात्मे ने जताया दुख

बीजेपी के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. विकास महात्मे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर रामराव वडकुते के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि धनगर समुदाय के वरिष्ठ नेता और बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते के निधन की खबर बेहद स्तब्ध करने वाली और पीड़ादायक है। उनके जाने से धनगर समुदाय और सार्वजनिक जीवन को बड़ी क्षति हुई है।

डॉ. महात्मे ने आगे लिखा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से एक प्रिय मित्र और करीबी साथी को खो दिया है। समुदाय के प्रति रामराव वडकुते के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।